पीलीभीत। वर्तमान युग में युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उपाधि महाविद्यालय का वाणिज्य विभाग एक विशेष पहल करने जा रहा है। महाविद्यालय में कल, 26 फरवरी को ‘डिजिटल बिजनेस’ विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को डिजिटल क्षेत्र में करियर बनाने और घर बैठे रोजगार के अवसर खोजने के लिए प्रेरित करेगा।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार गर्ग ने बताया कि इस कार्यशाला का आयोजन आर्टिकुलेट डिजिटल बिजनेस, डबलिन (आयरलैंड) के सहयोग से किया जा रहा है। डिजिटल बिजनेस के वैश्विक महत्व को देखते हुए महाविद्यालय ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करने का निर्णय लिया है। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में आयरलैंड की डिजिटल बिजनेस विशेषज्ञ वंदिता अग्रवाल ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगी। वे छात्रों को ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केटिंग, फ्रीलांसिंग और ‘वर्क फ्रॉम होम’ के विभिन्न मॉडल्स के बारे में विस्तार से जानकारी देंगी।
​कार्यशाला के संयोजक डॉ. अमित कुमार के अनुसार, इस आयोजन का प्राथमिक लक्ष्य युवाओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें बाजार की आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कौशल आज ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए अनिवार्य है।
​महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दुष्यन्त कुमार ने वाणिज्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से अपील की है कि वे इस कार्यशाला का हिस्सा बनें, क्योंकि डिजिटल प्लेटफॉर्म महिलाओं के लिए घर बैठे आय अर्जित करने के बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *