सितारगंज। इंग्लैंड में पढ़ाई और स्टडी वीजा दिलाने का झांसा देकर 4.42 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सिसौना, कोटाफार्म निवासी रमेश लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी विकास कुमार ने खुद को इमीग्रेशन एजेंट बताते हुए उनके बेटे सौरभ सिंह को इंग्लैंड में पढ़ाई के लिए भेजने और स्टडी वीजा दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी की बातों पर विश्वास कर रमेश लाल ने उसे 2.50 लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा सितंबर माह में तीन किश्तों में ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 1.92 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए। इस तरह आरोपी को कुल 4.42 लाख रुपये दिए गए।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने 26 अक्टूबर 2025 की दिल्ली से कोलकाता की हवाई टिकट उपलब्ध कराई और तय तिथि पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने को कहा। जब वह अपने बेटे के साथ एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां न आरोपी मिला और न ही उसका कोई प्रतिनिधि। पूछताछ करने पर पता चला कि टिकट फर्जी और कूटरचित है। इसके बाद दोनों को निराश होकर घर लौटना पड़ा।
रमेश लाल का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने आरोपी और उसकी मां से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन पैसे लौटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।