सितारगंज। गौ संरक्षण स्क्वाड ने बुधवार को गौरीखेड़ा में छापेमारी कर प्रतिबंधित मांस बरामद किया और कथित गोकशी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने एक घर में छापा मारा, जहां तीन लोग कथित रूप से गोवंशीय पशु का मांस काटते मिले। मौके से गौरीखेड़ा निवासी इरफान और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी इकराम फरार होने में सफल रहा।

टीम ने मौके से करीब 20 किलोग्राम संदिग्ध गोवंशीय मांस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चापड़, छुरी, सूजा तथा लकड़ी का गुटखा बरामद किया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार ने बरामद मांस का परीक्षण कर प्रथम दृष्टया उसे गोवंशीय पशु का मांस बताया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इकराम के साथ मिलकर एक गाय का वध किया था। अधिकांश मांस बेच दिया गया था, जबकि शेष मांस मौके पर बरामद हुआ। मांस बिक्री से प्राप्त रकम इकराम के पास होने की बात भी आरोपियों ने बताई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी इकराम की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi