हल्द्वानी। हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई अमन ठाकुर की हत्या का नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताया गया दुपट्टा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। उसकी पहचान अमन ठाकुर (29) पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से उक्त मकान में रह रहा था। फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण में मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वालमीकि निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा को 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को अमन पसंद नहीं था और वह अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर पत्नी और अमन से उसका विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन पर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताया गया दुपट्टा जवाहर नगर स्थित मस्ता टेंट हाउस से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी का वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने का आपराधिक इतिहास भी बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi