पीलीभीत/टनकपुर। टनकपुर से पीलीभीत आए एक सर्राफा व्यापारी का चांदी के आभूषणों, गिल्ट और जरूरी कागजातों से भरा बैग टमटम (ई-रिक्शा/विक्टोरिया) से चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने सर्राफा एसोसिएशन के नेता व उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शैली अग्रवाल से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। व्यापार मंडल अध्यक्ष के हस्तक्षेप और पुलिस अधीक्षक से वार्ता के बाद आखिरकार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टनकपुर के वार्ड नंबर 08 (बैंक ऑफ बड़ौदा के पास) निवासी सर्राफा व्यापारी नरेश अग्रवाल पुत्र स्व. बाल कृष्ण अग्रवाल दिनांक 1 नवंबर 2026 को टनकपुर से पीलीभीत आए थे। वह यहां सफाई के लिए दिए गए सफेद धातु के आभूषण लेने आए थे।
व्यापारी ने लगभग 800 ग्राम सफेद धातु (चांदी), 400 ग्राम गिल्ट और कुछ महत्वपूर्ण कागजात एक थैले में रखकर अपने पीठू बैग में रख लिए थे। इसके बाद वह वापस घर जाने के लिए सुनहरी मस्जिद से रेलवे स्टेशन जाने के लिए अकेले एक टमटम में सवार हुए।
रास्ते में गायब हुआ बैग
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, जब वह टमटम में बैठे तो छिपियान मस्जिद से आगे एक महिला सवारी अपने बच्चे के साथ और उससे थोड़ा आगे 2-3 अन्य सवारियां भी टमटम में आकर बैठ गईं। जब टमटम रेलवे स्टेशन पहुंचा और व्यापारी ने अपना बैग खोलकर देखा, तो उसमें से सामान से भरा थैला गायब था। व्यापारी ने तत्काल टमटम और उसमें बैठी सवारियों को आसपास काफी तलाशने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
व्यापार मंडल के हस्तक्षेप से दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना से घबराए पीड़ित व्यापारी नरेश अग्रवाल ने तुरंत सर्राफा एसोसिएशन के नेता और उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शैली अग्रवाल से संपर्क किया। इसके बाद शैली अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक से वार्ता की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस बल पीड़ित व्यापारी को लेकर काफी देर तक संभावित स्थानों पर माल की खोजबीन करता रहा, परंतु सफलता हाथ नहीं लगी।
सफलता न मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शैली अग्रवाल पीड़ित व्यापारी को लेकर कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर ली है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से चोरों की तलाश में जुटी हुई है।