रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 11 अगस्त को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर सड़क दुर्घटना और मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। मामले में 8 अगस्त को गांधी कॉलोनी निवासी अंकित वाल्मीकि ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी थी। तहरीर के मुताबिक, उसका भाई अभिषेक और बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पहुंचने पर पीछे से आई स्कॉर्पियो कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने कार से उतरकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों के साथ मारपीट की और फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी चुघ (32) पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, रुद्रपुर को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और विधिसम्मत विवेचना जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, प्रभारी चौकी रम्पुरा दीपक कौशिक, शंकर भट्ट, दीपक कुमार और राजवीर शाही शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi