सितारगंज। राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती के घर हुई चोरी का पुलिस ने केस दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद किया हैं।
सोमवार को वार्ड नंबर 3, पटवारी गली निवासी राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती ने बताया कि 5 जुलाई की शाम को घर पर कोई नहीं था। वह अपने बेटे शुभम सती के साथ रामलीला ग्राउंड स्थित दुकान पर थे। उनकी पत्नी और बहू मोनी बाबा मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए गए थे।
रात करीब 8 बजे जब वह वापस घर लौटे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी में रखा ढाई तोले का सोने का हार और कान का झुमका गायब है। घर में काफी तलाश के बाद भी गहनें नहीं मिले। तो उन्हें चोरी का शक हुआ। वहीं, छत पर जाकर देखा तो छत का दरवाजा खुला पड़ा था। जिससे उन्हें आशंका हुई कि अज्ञात चोर उसी रास्ते घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और सोना लेकर फरार हो गए। इसके बाद राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी गए गहनों को बरामद कराने की मांग की थी।
इस क्रम में एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए सीओ बीएस धौनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। मामला दर्ज होने के महज 12 घंटे में पुलिस ने गांव गोठा से बेगुल डैम को जाने वाले सड़क से आरोपी वार्ड नंबर-6 निवासी कैश (19) पुत्र अस्फाक निवासी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने का हार और कानों का टॉप्स बरामद किया है। सीओ बीएस धौनी ने बताया टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई कर आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने के जेवर बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के कार्रवाई की जा रही है।