सितारगंज। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वावधान में सितारगंज में परिवर्तन यात्रा निकाली गई। रविवार को गांव वीरेंद्र नगर, गोठा से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा सितारगंज, शक्तिफार्म, सिडकुल, सिसौना होते हुए वापस प्रारंभिक स्थल संपन्न हुई। करीब 30 किमी लंबी इस यात्रा में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
रविवार को आसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व निकली परिवर्तन यात्रा गांव वीरेंद्र नगर से प्रारंभ होकर नाकुलिया चौराहा, अरविंद नगर, शक्तिफार्म, सुभाष चौक, रुदपुर (जेलकैंप) होते हुए सिडकुल पहुंची। वहां से गांव सिसौना, बरुआबाग होते हुए वापस सितारगंज पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आमजन से संवाद कर विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता अभियान चलाया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य बंगाली समाज को एससी जाति का दर्जा दिलाने, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार एवं शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, किसानों की समस्याओं के समाधान तथा उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना था।
इसके अलावा संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा तथा अल्पसंख्यक समुदायों पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में भी जनजागरण किया गया।
यात्रा में भीम आर्मी एकता मिशन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सौरभ कुमार, आसपा के जिला प्रभारी समर खान, भीम आर्मी के प्रदेश सचिव रजत सागर और खटीमा विधानसभा अध्यक्ष राजा गौतम ने अपने समर्थकों के साथ भाग लिया। इसके अलावा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।