सितारगंज। नगर पालिका परिषद सितारगंज के पूर्व अध्यक्ष प्रत्याशी सरफराज अहमद उर्फ राजू ने उप जिला अस्पताल सितारगंज में डायलिसिस सुविधा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल को संबोधित ज्ञापन सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव को सौंपा।

ज्ञापन में सरफराज अहमद ने कहा कि सितारगंज नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर है। क्षेत्र में किडनी रोग से पीड़ित कई मरीजों को नियमित डायलिसिस की आवश्यकता होती है, लेकिन सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें रुद्रपुर, हल्द्वानी और अन्य शहरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि डायलिसिस के लिए बार-बार दूरस्थ अस्पतालों तक जाने से मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। अधिकांश मरीज आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं, जिनके लिए निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना संभव नहीं है। साथ ही गंभीर मरीजों को लंबी यात्रा के दौरान शारीरिक और मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।

सरफराज अहमद ने जनहित में उप जिला अस्पताल सितारगंज में जल्द से जल्द डायलिसिस यूनिट स्थापित करने, आवश्यक मशीनें उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के किडनी मरीजों को समय पर, सुलभ और बेहतर उपचार मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *