पीलीभीत। जनपद के कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपनी पूर्व पत्नी के दूसरे निकाह के बाद उसकी खुशहाल जिंदगी को बर्बाद करने पर उतारू है। आरोपी पति द्वारा विवाहिता की पुरानी अश्लील फोटो और वीडियो उसके वर्तमान पति को भेजकर उसे बदनाम करने और रिश्ता तुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पहला निकाह वर्ष 2017 में ग्राम रम्पुरा कपूरपुर निवासी यूनुस के साथ हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद ही पति और उसके ससुराल वाले कम दहेज के लिए उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मारपीट और उत्पीड़न का यह सिलसिला वर्षों तक चला और अंततः वर्ष 2022 में पति ने उसे छोड़ दिया। परिस्थितियों से हार मानने के बजाय महिला ने वर्ष 2023 में दूसरा निकाह कर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की। लेकिन अब पहला पति यूनुस उसकी इस खुशहाल जिंदगी में ‘विलेन’ बनकर सामने आ गया है।
आरोप है कि यूनुस पुरानी निजी फोटो और वीडियो विवाहिता के दूसरे पति को भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। हद तो तब हो गई जब उसने सुहागरात की वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और दूसरे पति से संबंध विच्छेद कराने की धमकी दी। इतना ही नहीं, रास्ते में मिलने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पूर्व में स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने पर पीड़िता ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विवाहिता की खुशहाल जिंदगी में जहर घोल रहा पहला पति, अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर दी जान से मारने की धमकी