पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव भानपुर में गृह क्लेश के चलते एक 30 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति के साथ हुए विवाद के बाद महिला ने घर में अकेली होने पर लिंटर के कुंडे से लटक कर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मृतका की दो मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भानपुर निवासी कुशल पटेल की शादी वर्ष 2017 में बरेली के ग्राम मलहपुर निवासी पिंकी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां, 7 वर्षीय ज्योति और 1 वर्षीय रिद्धि हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सूत्रों के अनुसार, मृतका पिंकी अपने पति के किसी अन्य महिला से संबंधों का विरोध करती थी, जिसे लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता था। 1 फरवरी की शाम जब पिंकी की सास दुकान पर गई थी, तभी पीछे से पिंकी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर कमरे में फंदा लगा लिया। सास के लौटने पर जब दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों की मदद से घर में प्रवेश किया गया, जहां पिंकी का शव फंदे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल और प्रभारी निरीक्षक पी.के. बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मुख्यालय से आई विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मां को खो चुकी दोनों मासूम बच्चियों की चीखें गांव में हर किसी की आंखें नम कर रही हैं।