​पीलीभीत। दानवीर भामाशाह की जयंती की पूर्व संध्या पर राज्य कर एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वाधान में अग्रवाल सभा पीलीभीत में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह के प्रेरक जीवन चरित्र, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय व्यापारियों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। शासन के निर्देशानुसार, मुरादाबाद में आयोजित जनसभा से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा व्यापारी कल्याण दिवस के संबंध में दिए गए संबोधन का प्रोजेक्टर के माध्यम से सजीव प्रसारण (लाइव) भी व्यापारियों को दिखाया गया।
​इस भव्य समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही, संस्कृति विभाग की ओर से अंजू रानी की टीम द्वारा देशप्रेम से ओतप्रोत राष्ट्रगीत और लोकगीतों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने कार्यक्रम में समां बांध दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर और सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर उपस्थित रहे। वहीं राज्य कर विभाग की तरफ से श्याम प्रसाद, बरेली जोन बरेली के अपर आयुक्त ग्रेड-2 (अपील) शिशिर कुमार, उपायुक्त संजीव कुमार ओमर व रिकेश सिंह, सहायक आयुक्त राजेंद्र प्रसाद चौहान, रुचि यादव व कर्मवीर सिंह, तथा राज्य कर अधिकारी सुरेश कुमार सिंह, विपिन मिश्रा व कल्पना शुक्ला सहित विभाग के अन्य अधिकारी, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और अधिवक्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
​व्यापारी कल्याण दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर जनपद पीलीभीत में सर्वाधिक टैक्स देकर विकास में योगदान देने वाले दस बड़े करदाताओं को ‘भामाशाह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली फर्मों में मैसर्स संतोष इंफ्रास्ट्रक्चर एलएलपी, मैसर्स श्री श्याम एग्रो इंडस्ट्रीज, मैसर्स आकांक्षा ट्रेडर्स, निर्मल ऑटोमोबाइल्स, मैसर्स श्री श्यामजी स्टील एंड इंटीरियर, मैसर्स गुरुपद बीड़ी कंपनी, मैसर्स रामनरेश कांट्रेक्टर, मैसर्स ओम बिल्डर्स, मैसर्स इजहार आलम इंटरप्राइजेज और मैसर्स पंकज फॉरवर्डिंग एंड ट्रेडिंग कंपनी शामिल रहीं। इन सभी शीर्ष करदाताओं को मंच पर स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi