पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी के नेतृत्व में जिलाधिकारी पीलीभीत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और किसान हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर माधोटांडा-टनकपुर बाईपास स्थित प्रमुख चौराहे का नाम किसान मसीहा और बीकेयू के संस्थापक स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर करने का आग्रह किया। नेताओं का कहना था कि चौधरी टिकैत ने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में समर्पित कर दिया, इसलिए उनके नाम पर चौराहे का नामकरण किसानों के लिए गर्व की बात होगी। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस भेंट के दौरान जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क, जिला महासचिव बलजीत देओल, जिला उपाध्यक्ष दिलशाद रजा, नानक सिंह, हसनैन, अजय ठाकुर, ऐमी संधू और हरप्रीत सिंह समेत कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।