पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जिला कारागार पीलीभीत का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने कारागार परिसर में स्थित किशोर बैरक, विभिन्न सामान्य बैरकों और जेल अस्पताल का भ्रमण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से परीक्षण किया।
जेल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां भर्ती बंदियों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि बीमार बंदियों के इलाज एवं स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इसके साथ ही विभिन्न बैरकों में बंदियों से संवाद कायम कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित व प्रभावी निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता की भी पड़ताल की गई। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि शासन के तय मानकों के अनुसार ही बंदियों को सभी अनिवार्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण भोजन मुहैया कराया जाए। संपूर्ण निरीक्षण के समय जेल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक, जेलर समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।