पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं अलखेश्वर महादेव मंदिर श्री परम अक्रिय धाम खमरियापुल के पीठाधीश्वर स्वामी प्रवक्तानंद का आत्मीय और स्नेहपूर्ण रूप उस समय देखने को मिला, जब वे क्षेत्र भ्रमण के दौरान गांव रामनगर जगतपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीयता से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और स्नेहपूर्वक उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक के सहज व्यवहार से बच्चे बेहद खुश नजर आए।
स्वामी प्रवक्तानंद ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनका सर्वांगीण विकास समाज व राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सरकार बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा और अच्छे संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और शिक्षित बच्चे ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
ग्रामीणों ने विधायक के सरल, सहज और संवेदनशील स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का इस तरह बच्चों के बीच समय बिताना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।