बुलंदशहर | उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ ग्रामीणों के विरोध का एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। खानपुर थाने में पुलिस कस्टडी में कथित पिटाई से नाराज ग्रामीणों ने जब थानाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत देनी चाही और वह स्वीकार नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने थाने की दीवार पर ही तहरीर चस्पा कर दी।

क्या है पूरा विवाद?

जानकारी के अनुसार, खानपुर पुलिस ने कृष्णपाल नामक व्यक्ति को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया था। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कृष्णपाल की बेरहमी से पिटाई की। पुलिस की इस कथित बर्बरता से आक्रोशित होकर ग्रामीण आज बड़ी संख्या में खानपुर थाने पहुंचे।

थानेदार ने नहीं ली शिकायत

ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष के खिलाफ लिखित तहरीर (शिकायत) तैयार की थी और वे चाहते थे कि विभाग अपने ही अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करे। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों की तहरीर लेने से साफ इनकार कर दिया। काफी देर तक हंगामे और बहस के बाद भी जब पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की, तो ग्रामीणों ने एक अनोखा रास्ता चुना।

दीवार पर चिपकाई तहरीर

पुलिस के अड़ियल रवैये से नाराज ग्रामीणों ने थाने के मुख्य गेट और दीवार पर थानाध्यक्ष के खिलाफ लिखी गई तहरीर को गोंद से चिपका दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि थाने के भीतर हमारी सुनवाई नहीं हो रही, तो अब यह शिकायत सार्वजनिक रूप से थाने के बाहर लगी रहेगी।

इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi