बीसलपुर। तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी रामलीला परिसर में जारी रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर बीसलपुर पूर्ति निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने के नाम पर कथित रूप से ₹500 से ₹1000 तक की अवैध वसूली की जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कठोर कार्रवाई की जाए।
मांगपत्र में पूर्ति निरीक्षक पर कार्रवाई के साथ-साथ पात्रों को सरकारी आवास, आवारा पशुओं से निजात, हादसों के पीड़ितों को मुआवजा, रजिस्ट्री कार्यालय में अतिरिक्त वसूली पर रोक, चकबंदी कार्यों व अवैध मिट्टी खनन की जांच तथा बेहतर बिजली आपूर्ति जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। भाकपा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता, तब तक यह अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी रहेगा।