कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर किया पुतला दहन, चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
पीलीभीत। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय आह्वान पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, पीलीभीत द्वारा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ब्रज क्षेत्र के प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा और शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट घेराव का प्रयास किया और अंततः पुलिस बल को छकाते हुए चौराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जताई।
संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बना रही सरकार: कुणाल चौधरी
शहर के एक बारात घर में आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना निर्वाचन आयोग का सर्वोच्च कर्तव्य है, लेकिन वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम और मतदाता सूचियों से जुड़ी अनियमितताओं पर आयोग से लगातार सवाल पूछे जा रहे हैं, परंतु चुनाव आयोग कोई समाधान नहीं दे रहा। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं की जा सकती और ज्ञानेश कुमार का इस पद पर बने रहना लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।

सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा आंदोलन: हरप्रीत चब्बा
जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा और शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को केंद्र सरकार द्वारा पंगु बना दिया गया है। निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बहाल करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तत्काल बर्खास्तगी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी।

पुलिस को चकमा देकर किया पुतला दहन
सभा के पश्चात बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ते कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने प्रयास किए, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देते हुए नेहरू पार्क के आगे चौराहे पर पहुंच गए। वहां कार्यकर्ताओं ने हाथों में “ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ” और “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसी तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की। पुलिस द्वारा पुतला छीनने की कोशिशों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला आग के हवाले कर दिया।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में ईश्वर दयाल पासवान, कुमुद गंगवार, यूसुफ मलिक, डॉ. नागेश चंद्र पाठक, नवीन सक्सेना, अनवर अनीस, पुष्पा गंगवार, बासुदेव ठाकुर, नरेश शुक्ला, करनजीत सिंह, अभिनव गुप्ता, गोल्डी, आशुतोष अग्निहोत्री, प्रवक्ता हेमंत मिश्र एडवोकेट, मुनेंद्र सक्सेना एडवोकेट, जाहिद, मो. इरफान, मो. अजीम, हरीश मौर्य, छात्र कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वर्मा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप गंगवार, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान, कृष्णपाल पटेल, त्यागीजीत सरोज, अमन, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष भगवत सरन गंगवार, मुन्नी, सादाब शेख, कमल गौड़, इस्तियाक अहमद, सैयद अफजाल, राजू मिश्रा, गुरमीत सिंह, सुखपाल सिंह, कयूम खान और रवि लोधी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।