बलिया। नाथ बाबा मंदिर में ऐतिहासिक लट्ठ पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस परंपरा में लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर लाठी के साथ मंदिर की परिक्रमा की और आस्था व्यक्त की।
मान्यता है कि सेंगर वंश ने अपने साहस और लाठियों के बल पर जजिया टैक्स माफ कराया था। उसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में हर वर्ष लट्ठ पूजा का आयोजन किया जाता है।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में लाठियां लेकर नाथ बाबा मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान सैकड़ों युवाओं ने पारंपरिक लाठी-कला और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
यह ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन नागपुर स्थित नाथ बाबा मंदिर में संपन्न हुआ, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन भी मुस्तैद रहा।