पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया के लिए एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले देशों के बीच संबंध केवल व्यापार पर आधारित होते थे, लेकिन अब व्यापार के साथ-साथ विश्वास भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर देश एक भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला और स्थिर साझेदारी चाहता है। भारत आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, नवाचार और अवसरों से जुड़े क्षेत्रों में तेजी से निवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह भारत की विकास यात्रा का निर्णायक दौर है, जहां देश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

जी-7 शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर स्पष्ट संदेश दिया कि वैश्विक शासन तभी प्रभावी होगा जब वह समावेशी होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक विकास तभी टिकाऊ होगा जब उसका लाभ सभी को मिले और तकनीक तभी मानवता के लिए उपयोगी होगी जब उस पर विश्वास कायम हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया अनिश्चितताओं और चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी विश्वास, स्थिरता और सहयोग का मजबूत आधार बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि दोनों देश अगले वर्ष ‘तृष्णा’ उपग्रह का प्रक्षेपण करेंगे, जो जल और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर फ्रांस आना उनके लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक विकास के साथ-साथ लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव और सशक्तिकरण का कार्य किया है।

इससे पहले पेरिस में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर “बोनजोर मोदी”, “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने भी प्रवासी भारतीयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विदेश में रहकर भी उनका भारत के प्रति प्रेम और जुड़ाव प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *