क्या उत्तर प्रदेश में अपराधियों और शातिर बदमाशों के मन में कानून का खौफ इस कदर बैठ चुका है कि पुलिस को देखते ही वे गोलियां चलाने से भी नहीं चूक रहे? फतेहपुर जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस और अपराधियों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। चांदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गूढ़ेश्वर मंदिर के पास हुई इस क्रास फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर और इनामी बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा।

धर्मेंद्र के खिलाफ दर्ज हैं 12 से अधिक मुकदमे ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदपुर थाना पुलिस को इलाके में शातिर अपराधियों की मौजूदगी का सटीक इनपुट मिला था। पुलिस ने जब गूढ़ेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी की, तो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में मुख्य बदमाश धर्मेंद्र के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए अपराधी धर्मेंद्र के खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 12 गंभीर मामले दर्ज हैं।

तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद ।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने घायल बदमाश धर्मेंद्र को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कई जिंदा व खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की जा रही बाइक और नगदी बरामद की है। पुलिस फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में जंगलों और संभावित ठिकानों पर कांबिंग ऑपरेशन चला रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi