क्या आम जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए जिम्मेदार सरकारी अधिकारी ही अब मर्यादाओं को तार-तार करने पर उतारू हो गए हैं? उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर अपने विभागीय आवास पर एक युवती के साथ छेड़खानी और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद देवरिया शहर के कैलाशपुरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी जेई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी आवास पर बनाया निशाना ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर शैलेश गौतम के रूप में हुई है। पीड़िता का आरोप है कि कैलाशपुरी क्षेत्र स्थित विभागीय आवास पर आरोपी शैलेश गौतम और उसके तीन अन्य साथियों ने मिलकर उसके साथ बदसलूकी और छेड़खानी की। जब युवती ने इस अमानवीय कृत्य का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट भी की।
पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी के प्रयास तेज ।
घटना के बाद सहमी पीड़ित युवती ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। देवरिया कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जेई शैलेश गौतम और तीन अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारी से जुड़ा मामला होने के कारण साक्ष्यों को बारीकी से जुटाया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।