​पीलीभीत। थाना पूरनपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। दिनांक 10 जुलाई 2026 की रात बड़ी नहर, गुरुद्वारा धन्ना बाबा के पास ट्रक संख्या JH02K9750 में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। आग बुझाने के बाद ट्रक के केबिन के अंदर एक व्यक्ति का अत्यधिक जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान ग्राम बड़ा बोसैना (थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर) निवासी ट्रक चालक बलविंदर सिंह (पुत्र दिलीप सिंह) के रूप में हुई। शुरुआत में मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन परिस्थितियों के संदिग्ध लगने पर मृतक के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर के आधार पर 24 जुलाई 2026 को अज्ञात के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
​पुलिस अधीक्षक पीलीभीत द्वारा गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य विश्लेषण के जरिए मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद साक्ष्यों को छिपाने और इसे दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से ट्रक में आग लगाई गई थी। विवेचना के आधार पर आरोपी महिला अमुनदीप कौर उर्फ अमन (पत्नी सुखविंदर सिंह, उम्र करीब 40 वर्ष), निवासी रुद्रपुर, उत्तराखंड (मूल निवासी बिलासपुर, रामपुर) का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड तथा एक सफेद प्लास्टिक की डीजल केन बरामद की।​ पूछताछ के दौरान आरोपी अमुनदीप कौर ने कुबूल किया कि उसका पिछले 2-3 वर्षों से बलविंदर सिंह के साथ प्रेम संबंध था। 10 जुलाई की रात दोनों के बीच बातचीत के दौरान अमुनदीप ने इस संबंध को समाप्त करने की बात कही, लेकिन बलविंदर इसके लिए तैयार नहीं था। इसी विवाद के दौरान अमुनदीप ने लोहे की रॉड से बलविंदर के सिर पर वार कर उसे अचेत कर दिया। इसके बाद उसने केबिन में रखे डीजल को छिड़ककर आग लगा दी, जिससे जलकर बलविंदर की मौत हो गई। पुलिस द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi