पीलीभीत। पूर्णिमा पर्व के पावन अवसर पर सामाजिक सरोकारों में अग्रणी ‘संस्कृति संस्था’ द्वारा भीषण गर्मी और तपिश को देखते हुए एक सराहनीय पहल की गई। संस्था की ओर से स्थानीय पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए विशाल शरबत वितरण (छबीली) एवं फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसेवा की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाहन 11:30 बजे हुआ, जो निरंतर शाम 4:00 बजे तक चलता रहा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हजारों राहगीरों ने रुककर अपनी प्यास बुझाई।
भीषण धूप और लू के थपेड़ों से परेशान राहगीरों को तत्काल ठंडक और राहत प्रदान करने के लिए संस्था द्वारा विशेष रूप से तैयार आम का पन्ना तथा पतंजलि का गुलाब शरबत पिलाया गया। इसके साथ ही, भीषण गर्मी में ऊर्जा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के बीच ताजे फलों का भी वितरण किया गया। राहगीरों ने भीषण गर्मी के इस दौर में संस्था द्वारा किए गए इस पुनीत सेवा कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की और आभार जताया।
संस्था की अध्यक्ष सुधा अग्रवाल ने सेवा भाव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस चिलचिलाती गर्मी के मौसम में प्यासे और थके हुए राहगीरों की निस्वार्थ सेवा करना ही हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव मधु कुमार, अर्चना खंडेलवाल, नीता अग्रवाल, मधु अग्रवाल, कुमकुम अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, रितु महाजन, शोभा रानी, राजश्री, नीलम अग्रवाल एवं इंदु अग्रवाल सहित संस्था की तमाम महिला सदस्य मुस्तैद रहीं। आयोजन के समापन पर संस्था की ओर से तन, मन और धन से योगदान देने वाले सभी सहयोगियों और सदस्यों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।