​पीलीभीत। रोटरी क्लब पीलीभीत का 55वाँ स्थापना दिवस एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह स्थानीय एक होटल में गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री संजय गंगवार का मंच पर पटका पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने क्लब को भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया। राज्य मंत्री ने कहा कि रोटरी का अपना एक निजी भवन होना चाहिए, जिससे होटलों आदि में होने वाले खर्च की बचत की जा सके और उस धनराशि को समाज के जरूरतमंद लोगों के कल्याण में लगाया जा सके। इसके बाद मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा क्लब के विभिन्न सदस्यों को उनके उत्कृष्ट सहयोग के लिए पुरस्कृत किया गया।


​क्लब के मीडिया प्रभारी रोटेरियन देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने बताया कि स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर रोटरी क्लब के एकमात्र जीवित संस्थापक सदस्य रविंदर अग्रवाल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और सभी ने एक साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। इससे पूर्व, अध्यक्ष डॉ. अनिल सक्सेना ने सभी आगंतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान संचालित किए गए विभिन्न सेवा प्रोजेक्ट्स की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। पुरस्कार वितरण की श्रृंखला में डॉ. एस.पी.एस. संधू एवं डॉ. अनुरिता सक्सेना को उनके विशेष योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘वार्षिक अचीवमेंट पुरस्कार’ से नवाजा गया। इस दौरान पुरस्कार वितरण व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सचिव कपीश अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल एवं ईश बंसल का विशेष सहयोग रहा।


​समारोह के समापन पर रोटरी क्लब की कार्यकारिणी की ओर से अध्यक्ष डॉ. अनिल सक्सेना को पूरे वर्ष सफल, अनुकरणीय और उत्कृष्ट कार्यक्रमों के कुशल संचालन के लिए मुख्य अतिथि के हाथों स्मृति-चिह्न भेंट करवाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.के. अग्रवाल, परविंदर सिंह सहमी, देवेश बंसल, अवधेश गुप्ता, सरदार सिंह चावला, तारा सिंह, पंकज महातिया, राहुल अग्रवाल, आगामी सचिव विजय जायसवाल, राजेंद्र सिंह छाबड़ा सहित भारी संख्या में रोटेरियन सदस्य और एनीज़ उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi