​पीलीभीत। पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र (129) से भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए के शर्मा को कई महत्वपूर्ण पत्र देकर नगर पालिका परिषद पूरनपुर की सीमाओं के विस्तार, इसे ‘आदर्श नगर पालिका’ बनाने और विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए कुल ₹1350 लाख (13.5 करोड़ रुपये) की विशेष धनराशि की मांग की है। विधायक बाबूराम पासवान के साथ नगर पालिका पूरनपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता भी साथ थे। विधायक का तर्क है कि पूरनपुर एक पिछड़ा निकाय होने के बावजूद तेजी से बढ़ती जनसंख्या और व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है, जिसे देखते हुए बड़े स्तर पर सरकारी निवेश की आवश्यकता है।
​विधायक बाबूराम पासवान ने मुख्यमंत्री से नगर पालिका परिषद की सीमाओं में विस्तार करने का पुरजोर अनुरोध किया है। उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि ग्राम खमरिया पट्टी, चांटफिरोजपुर, पंकज कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, सरबनपुरी और नरायनपुर जैसे विकसित क्षेत्रों को नगर पालिका में शामिल किया जाए ताकि वहां के निवासियों को भी नगरीय सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही, उन्होंने पूरनपुर को प्रदेश की ‘आदर्श नगर पालिका’ योजना में शामिल करने की मांग की है, जिसके तहत स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं, हरित विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट टेक्नोलॉजी और सुशासन के माध्यम से ही पूरनपुर की तस्वीर बदली जा सकती है।
​बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए विधायक ने नगर विकास मंत्री से अलग-अलग मदों में भारी बजट की मांग की है। उन्होंने जलभराव और जर्जर जलनिकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए सीवरेज एवं नाला निर्माण हेतु ₹500 लाख (5 करोड़ रुपये) और सड़कों, प्रकाश व्यवस्था व अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत अतिरिक्त ₹500 लाख की मांग की है। इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण और जल निकायों के सौंदर्यीकरण हेतु ‘नगरीय झील, तालाब एवं पोखर संरक्षण योजना’ के तहत ₹200 लाख और क्षेत्र के तीन प्रमुख मुक्तिधामों (शेरपुर रोड, बण्डा रोड और पंचमदास कॉलेज के निकट) के कायाकल्प के लिए ₹150 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
​विधायक बाबूराम पासवान ने विश्वास जताया है कि इन प्रस्तावों की स्वीकृति के बाद पूरनपुर एक ‘आदर्श एवं आत्मनिर्भर नगर’ के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से अपील की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए इन योजनाओं को यथाशीघ्र अनुमोदित किया जाए, ताकि लंबे समय से विकास की राह देख रहे क्षेत्रीय नागरिकों को राहत मिल सके। विधायक की इस सक्रियता से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *