पीलीभीत। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने निर्माण श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर , मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आलोक कुमार और संजय सिंह जिला विकास अधिकारी भी मौजूद रहे।
सभागार में उपस्थित श्रमिकों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण को सुना, जिसमें उन्होंने मजदूरों के हित में सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। इसके उपरांत श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशिकला ने श्रम अधिनियमों और पंजीकरण की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रकाश डाला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आलोक कुमार ने श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के सुझाव दिए और आयुष्मान कार्ड की पात्रता व लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र का निर्माता बताते हुए कहा कि सरकार उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी श्रमिकों से आह्वान किया कि वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं ताकि योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुँच सके। साथ ही उन्होंने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य अतिथि अजय सिंह गंगवार ने भी श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि और जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 10 पात्र निर्माण श्रमिकों को हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए। इस पहल से श्रमिकों के चेहरे पर खुशी देखी गई और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)