पीलीभीत। भारत निर्वाचन आयोग के अनुपालन तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जिलाधिकारी आलोक कुमार ने एस एन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता इन्तजार खान को जिला स्वीप कोआर्डिनेटर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों, कॉलेजों एवं आम जनमानस के बीच मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित कर जनपद में मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है।
​गौरतलब है कि इन्तजार खान इससे पूर्व भी वर्ष 2022 के विधानसभा सामान्य निर्वाचन और 2024 के लोकसभा सामान्य निर्वाचन में जिला स्वीप कोआर्डिनेटर की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक निभा चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में मतदान प्रतिशत के मामले में दो बार लगातार पांचवां स्थान हासिल किया था, जिसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तत्कालीन जिलाधिकारी को सम्मानित भी किया था। उनके इन्हीं उत्कृष्ट कार्यों और अनुभवों को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने उन्हें पुनः यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
​अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए जिला स्वीप कोआर्डिनेटर इन्तजार खान ने कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में इस बार मतदाता जागरूकता अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। उनका लक्ष्य जनपद में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराना और पीलीभीत को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाना रहेगा। वह ईएलसी कोआर्डिनेटर के रूप में जिला निर्वाचन अधिकारी और राज्य निर्वाचन आयोग को सभी गतिविधियों की समयबद्ध जानकारी देंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, उप जिलाधिकारी पवन कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi