पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के मुस्तफाबाद में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान की गरिमामयी उपस्थिति में वन्यजीव संरक्षण के जमीनी प्रहरियों के सम्मान एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनवायरमेंट वॉरियर्स द्वारा श्री माँ पीताम्बरा बगलामुखी सिद्धि पीठ उत्तराखंड ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस 10वें वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रम में बाघों और जंगलों की रक्षा में जुटे 140 बाघ मित्रों को प्रशस्ति-पत्र, टॉर्च और साड़ी देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जंगलों की कठिन परिस्थितियों में तैनात वनकर्मियों को 50 रेनकोट और 10 फर्स्ट-एड किट तथा गाइड्स और ड्राइवर्स को भी सुरक्षा सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने वन्यजीव प्रहरियों के सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा की दिशा में बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि आगामी अक्टूबर में वन्य जीव सप्ताह के दौरान विशेष शिविर लगाकर पात्र बाघ मित्रों को ₹5 लाख का जीवन बीमा और ₹2 लाख का चिकित्सा बीमा प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, बाघ संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच सर्वश्रेष्ठ बाघ मित्रों को अगले वर्ष ₹25,000-₹25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बाघ मित्रों के बायोडाटा एकत्र कर उन्हें योग्यतानुसार रोजगार से जोड़ने, किसी अप्रिय घटना पर परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा शासन को भेजे गए ₹10 लाख के प्रस्ताव की प्रभावी पैरवी करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारीमनीष सिंह ने पीलीभीत में जल्द ही एक अत्याधुनिक रेस्क्यू सेंटर का उद्घाटन करने की घोषणा की, जो तेंदुओं के त्वरित रेस्क्यू, उपचार और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 5 बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंतरराष्ट्रीय वाइल्डलाइफ फिल्ममेकर सुब्बैया नल्लामुथु द्वारा पीलीभीत टाइगर रिजर्व और तराई क्षेत्र की जैव विविधता पर एक वैश्विक वृत्तचित्र (फिल्म) बनाने की घोषणा रही। विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि इस फिल्म और जिम्मेदार वन्यजीव पर्यटन के माध्यम से पीलीभीत को विश्व के वाइल्डलाइफ मैप पर स्थापित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। कार्यक्रम में वाइल्डलाइफ सर्वाइवल एलायंस के कंट्री हेड डॉ.शैलेंद्र सिंह वाइल्डलाइफ बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन सोसायटी के महासचिव डॉ.अमिताभ अग्निहोत्री, संजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार तारिक कुरैशी, महोफ के रेंजर सहेन्द्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे कार्यक्रम का संचालन निखिल शर्मा ने किया।