पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त रूप से चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पूरनपुर ने एसएसबी की सहायक कमांडेंट पूनम मीना और थाना हजारा पुलिस टीम के साथ सीमा क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पिलर संख्या 35 तक पैदल गश्त की। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने सीमा पर तैनात जवानों को संदिग्ध व्यक्तियों, अवांछित गतिविधियों और घुसपैठ की संभावनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बॉर्डर क्षेत्र में सघन जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रखने पर जोर दिया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गश्त के दौरान पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर आपसी समन्वय पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने के लिए दोनों सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है।
संयुक्त पैदल गश्त से सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय लोगों के बीच भी सुरक्षा का संदेश गया।