अमरिया । अमरिया तहसील क्षेत्र के माधौपुर फरदिया स्थित शिव मंदिर पर चल रहा भाकियू (भानू) का विरोध प्रदर्शन बुधवार को उग्र हो गया। प्रशासन द्वारा पांचवें दिन भी कोई सुनवाई न किए जाने से आक्रोशित प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। यह आंदोलन शनिवार से भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के जिलाध्यक्ष भजन लाल क्रोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों के सहयोग से चलाया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग माधौपुर फरदिया गांव के पास हाईवे किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर के ऊपर से प्रस्तावित हाई वोल्टेज लाइन को हटाने की है। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को मंदिर परिसर व खेतों तक सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे पर अंडरपास निर्माण की मांग की जा रही है। आंदोलनकारियों का कहना है कि मंदिर के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन से भविष्य में बड़ी दुर्घटना का भय बना रहेगा।
भाकियू भानू के जिला महामंत्री अशोक कुमार राठौर ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में ही समस्त संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके, प्रशासन ने अब तक वार्ता या समाधान की कोई पहल नहीं की है। इसी उपेक्षा से क्षुब्ध होकर मंदिर कमेटी के सदस्यों और पदाधिकारियों ने अब अन्न त्याग कर भूख हड़ताल का रास्ता चुना है।
​दो दर्जन से अधिक लोग भूख हड़ताल पर
भूख हड़ताल पर बैठने वालों में प्रमुख रूप से दीनदयाल, प्यारे लाल, ठाकुर दास, लेखराज, मोहन स्वरूप, हेतराम और ओमप्रकाश शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस आंदोलन का हिस्सा बनी हैं, जिनमें नीलम देवी, नीरज कुमारी, राम प्यारी, दुलारो देवी, राम देई, मीना देवी, सावित्री, ओमवती, तारा वती और केसर वती सहित दो दर्जन से अधिक लोग अनशन पर डटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *