पीलीभीत। शहर के प्रतिष्ठित लिटिल एंजेल्स स्कूल में ‘सातवीं वार्षिक जूनियर दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट’ का बुधवार को अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल, प्रधानाचार्य एन.सी. पाठक और कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की जूनियर कार्यकारिणी के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
​कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करते हुए विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल ने सभी नन्हे प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात पवित्र मशाल प्रज्वलित कर स्पोर्ट्स कैप्टन और वाइस कैप्टन को सौंपी गई, जिन्होंने मशाल लेकर ट्रैक का चक्कर लगाया। अतिथियों द्वारा आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता को प्रारंभ किया गया, जिसका नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
​प्रतियोगिता के पहले दिन प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा एक तक के विद्यार्थियों के बीच विभिन्न रोचक दौड़ आयोजित की गईं। प्री-नर्सरी ‘हुपूज’ वर्ग की बाल बैलेंस रेस में विग्नेश और वैदेही ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘वुडपैकर’ वर्ग में युवराज और अवांशिका विजेता रहे। नर्सरी वर्ग की ट्रैफिक रेस और बाल बैलेंस रेस में समर्थ, त्रिश, नैतिक, पंखुड़ी, वेदांश और गुनीत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों की मासूमियत और उनके जुझारूपन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
​समारोह के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका साक्षी पाठक ने किया, जबकि खेल गतिविधियों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में खेल शिक्षक राजेश कुमार, बीना कुमारी, मसूद हसन और प्रदीप राघव का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान उप प्रधानाचार्या अंजू सक्सेना, हेडमिस्ट्रेस नीना मेहरोत्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *