रुद्रपुर। जनपद नैनीताल में तैनात पुलिस कांस्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। सूचना मिलने पर बगवाड़ा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
पुलिस के अनुसार, केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी पवन कांबोज (43) पुत्र हरनाम सिंह की 15 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए तीनपानी के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां बुधवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद बगवाड़ा पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
बताया गया कि पवन कांबोज वर्ष 2006 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जनपद नैनीताल में थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह पुलिस लाइन में तैनात थे।
पवन कांबोज के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, साथी पुलिसकर्मी की मौत की सूचना से पुलिस महकमे में भी शोक की लहर दौड़ गई।