रुद्रपुर/नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सिंचाई विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर करीब दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नानकमत्ता थाना क्षेत्र के ग्राम गिधौर निवासी तारा सिंह और उसके परिजनों ने नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर रखा था। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त स्थान का इस्तेमाल लंबे समय से स्मैक, हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
नोटिस और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया।
पुलिस ने बताया कि तारा सिंह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और उसके खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के लिए किसी भी स्तर पर कोई जगह नहीं दी जाएगी।