पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के नगर पालिका परिषद परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थापित ‘माँ पूर्णागिरी मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) वंदना सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, परियोजना निदेशक पवन कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर संगुडी, विकास खंड अधिकारी मरौरी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, एनआरएलएम कार्मिक, वार्ड सदस्य एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

कैंटीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल के माध्यम से समूह की महिलाएं एक साथ मिलकर कार्य करेंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनेंगी। इस मॉडल कैंटीन का संचालन तुलसी प्रेरणा संकूल स्तरीय समिति (विकास खंड मरौरी) के अंतर्गत गठित 06 महिला सदस्यीय ‘एसोसिएशन ऑफ पर्सन (एओपी) माँ पूर्णागिरी मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ द्वारा किया जाएगा, जहाँ आम जनमानस के लिए गुणवत्तापूर्ण सूक्ष्म जलपान, भोजन, लस्सी और कोल्ड ड्रिंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।