पीलीभीत। जनपद के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत सामान्य बच्चों के साथ-साथ दिव्यांग छात्र-छात्राओं की पहचान और स्क्रीनिंग के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह स्क्रीनिंग ‘प्रशस्त ऐप’ के माध्यम से की जाएगी। इस संबंध में समग्र शिक्षा अभियान की राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देशों का अनुपालन करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रोशनी सिंह ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ाई से अमल करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बीएसए रोशनी सिंह द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी शिक्षकों, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों के लिए अपने मोबाइल में ‘प्रशस्त ऐप’ डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐप में समावेशी शिक्षा और विभिन्न प्रकार की विकलांगताओं से संबंधित लगभग 40 मिनट की अवधि की 10 अलग-अलग प्रशिक्षण वीडियो अपलोड की गई हैं। इन वीडियो में गतिशीलता संबंधी विकलांगता, दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, बौद्धिक दिव्यांगता और विशेष अधिगम अक्षमता जैसे विषयों की पहचान एवं अवलोकन की विस्तृत जानकारी शामिल है। समस्त शिक्षकों को ये 10 वीडियो 31 अगस्त तक देखने और सुनने होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराएं और प्रतिदिन इसकी प्रगति रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को प्रेषित करें। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग के माध्यम से स्कूलों में नामांकित दिव्यांग बच्चों की सटीक पहचान की जा सकेगी, जिससे उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और श्रवण यंत्र जैसे आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।