नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को सुरक्षित करने के उद्देश्य से एक बड़े अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के मिशन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि यह अभियान दिल्ली के पर्यावरण की तस्वीर बदलने की दिशा में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाए।
दिल्ली रिज को मिला वन भूमि का दर्जा ।
पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए अमित शाह ने दिल्ली रिज के पुनरुद्धार को इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बिंदु बताया। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली रिज के लगभग पांच हजार हेक्टेयर क्षेत्र को अब औपचारिक रूप से वन भूमि (Forest Land) घोषित कर दिया गया है। इस फैसले से इस पूरे क्षेत्र को कानूनी संरक्षण मिलेगा और दिल्ली की हवा को साफ करने में मदद मिलेगी।
यमुना सफाई और ग्रीन पॉलिसी पर सरकार का जोर ।
गृह मंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण और नदी संरक्षण को लेकर सरकार के प्रयासों की भी जानकारी दी।
- यमुना की सफाई । पिछले एक वर्ष में रिकॉर्ड 129 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) चालू किए गए हैं, जिससे अब यमुना नदी में केवल ट्रीटेड (उपचारित) पानी ही बहेगा।
- इलेक्ट्रिक वाहन नीति । दिल्ली को एक हरित और स्वच्छ राजधानी बनाने के लिए सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन (EV) नीति लागू की है, जो प्रदूषण कम करने में कारगर साबित हो रही है।