दियोरिया कला। मकरंदापुर में जमुनिया महुआ मार्ग पर स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है। अचानक हुई इस घटना से टेंट हाउस स्वामी के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह गोदाम अवधेश मौर्य का है, जो ‘मौर्य टेंट हाउस’ के नाम से व्यवसाय संचालित करते हैं। रविवार सुबह करीब तीन बजे जब कर्मचारी गोदाम से सामान निकालने के लिए पहुँचे और शटर खोला, तो अंदर आग की भीषण लपटें उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में गोदाम के अंदर रखे बड़े व छोटे जनरेटर, भारी संख्या में कुर्सियां, मेजें और टेंट का अन्य सभी साजो-सामान जलकर राख हो गया। आग की तपिश इतनी भयानक थी कि गोदाम की नवनिर्मित बिल्डिंग को भी भारी नुकसान पहुँचा है। टेंट हाउस स्वामी अवधेश मौर्य ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस और राजस्व विभाग को दी गई, जिसके बाद हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का मुआयना किया और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।

इस पूरी घटना के पीछे की वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है और मामला पूरी तरह संदेह के घेरे में है। बताया गया है कि इस गोदाम के अंदर न तो बिजली का कोई कनेक्शन है और न ही गोदाम के ऊपर से कोई हाईटेंशन या घरेलू बिजली की लाइन गुजर रही है। ऐसे में शॉर्ट सर्किट की संभावना न होने के कारण आग लगने के कारणों का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। टेंट हाउस स्वामी ने इस गोदाम का निर्माण पिछले साल ही कराया था और अभी कुछ दिनों पहले ही व्यवसाय को बढ़ाने के लिए 125 केवीए का एक नया जनरेटर भी खरीदा गया था, जो इस आग की भेंट चढ़ गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।