​पीलीभीत। टनकपुर रोड एवं सुरभि कॉलोनी स्थित ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में ‘इको फ्रेंडली डे’ तथा ‘अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस’ जन-जागरूकता अभियानों के साथ बेहद उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए समाज को सिंगल-यूज प्लास्टिक को पूरी तरह त्यागने और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने का मजबूत संदेश दिया।
​सुरभि कॉलोनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र दिव्यम मिश्रा के प्रेरणादायक भाषण और छात्रा योग्या सक्सेना की पर्यावरण केंद्रित कविता से हुआ। इसके बाद काव्या, व्योमा, सान्वी, आशदीप, रिद्धि, सिद्धि एवं त्रिस्नभ ने प्लास्टिक प्रदूषण पर एक बेहद प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं शिव, आन्या, अदिति, अनिका, तनुष्का और निवृति ने आकर्षक स्लोगन प्रदर्शित किए, तो आराध्या, काव्या, तनिष्का, आशदीप, परी, उत्कर्ष, डिपलीन, जानवी, अक्षिता, कुमकुम, गर्विता, अवनी एवं स्तुति की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रृष्टि एवं केशव ने किया, जबकि इसके सफल आयोजन में प्रभारी शिक्षिका रीता सिंह एवं श्वेता शुक्ला की मुख्य भूमिका रही।


​दूसरी ओर, टनकपुर रोड परिसर में अर्शदीप कौर एवं युक्ति अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार रखे। यहाँ कक्षा आठ के विद्यार्थी रंजोत सिंह, गुरकीरत सिंह, दीपांशु यादव, यश, आनंद, देव तिवारी, पीयूष पाल, सिमृद्धि वर्मा, आरोही, अपराजिता पाठक, दीपशिखा सना और अंशिका पाल ने “प्लास्टिक दूर भगाओ” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इस परिसर का कार्यक्रम उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज़ अल्वी, सचिन सक्सेना, आद्या जौहरी एवं शालू जोहरी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।


​बाजारों में निकाली जागरूकता रैली, अधिकारियों को भेंट किए क्लॉथ बैग

​जागरूकता को धरातल पर उतारने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शहर के विभिन्न बाजारों में एक रैली निकाली। इस दौरान दुकानदारों और आम जनता को पॉलिथीन के बजाय कपड़े, जूट और पेपर बैग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और मौके पर ही लोगों को क्लॉथ बैग भी बांटे गए।


​इसी क्रम में विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा एवं प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने विद्यार्थियों के साथ जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टीम ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, सहायक निबंधक इंदु और एन.आई.सी. के उप निदेशक मिराज से मुलाकात कर उन्हें स्मृति-चिह्न एवं कपड़े के थैले भेंट किए।


​सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के इस पर्यावरण-हितैषी प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्लास्टिक की थैलियां और बोतलें हमारी मिट्टी, जल व वायु को गंभीर रूप से प्रदूषित कर रही हैं। इनके स्थान पर स्टील, तांबे की बोतलों और पुनः उपयोग में आने वाली वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाना समय की मांग है।


​पर्यावरण संरक्षण

​कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना होगा। प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे खुद के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी डिस्पोजेबल वस्तुओं का उपयोग पूरी तरह बंद करने के लिए प्रेरित करें और धरती को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से जीवन में कभी भी प्लास्टिक बैग का उपयोग न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की संकल्पात्मक शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Site designed and maintained by Lalit Rastogi