​पीलीभीत। नवीन मण्डी समिति परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विधानसभा बरखेड़ा क्षेत्र का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में कुल पंजीकृत 260 जोड़ों के सापेक्ष 236 नव युगलों का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया गया, जिसमें 35 अल्पसंख्यक जोड़े भी शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव और जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित रहकर नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री भेंट की और उनके सुखी दांपत्य जीवन के लिए मंगलकामना की।
​समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि बेटियां त्याग की मूर्ति और साक्षात लक्ष्मी का रूप होती हैं, जो पीहर और ससुराल दोनों परिवारों को जोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने वर-वधू को पारिवारिक व सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की सीख देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों के लिए चलाई जा रही यह योजना आज आमजन के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही है।


​इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों के आर्थिक स्वावलंबन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो जोड़े अपना रोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत बिना ब्याज के 5 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने नववधुओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सभी नवविवाहित जोड़ों को एक-एक पौधा भेंट किया गया है, जिसे वे अपनी मां के नाम पर रोपित कर उसकी नियमित देखभाल करेंगे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi