विधि संवाददाता,​पीलीभीत। जनपद न्यायालय परिसर में ‘संयुक्त बार एसोसिएशन’ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद एवं सत्र न्यायाधीश रविन्द्र कुमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अवस्थी और महासचिव विद्याराम वर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भारी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
​न्याय व्यवस्था के दो पहिए हैं बार और बेंच: जनपद न्यायाधीश
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि न्यायालय व्यवस्था में ‘बार’ (अधिवक्ता) और ‘बेंच’ (न्यायाधीश) एक ही रथ के दो पहिए हैं। उन्होंने जोर दिया कि इन दोनों के बीच बेहतर समन्वय ही आम जनता को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने का असली आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ न्यायपालिका की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करेगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अवस्थी ने भी आश्वस्त किया कि उनकी टीम वादकारियों के हित में हमेशा बेंच का सकारात्मक सहयोग करेगी।


अधिकारी बोले- सस्ता और सुलभ न्याय प्राथमिकता
समारोह को संबोधित करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश विजय कुमार डूंगराकोटी ने कहा कि वादकारियों को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाना बार और बेंच की संयुक्त जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ने अधिवक्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिया, वहीं नगर मजिस्ट्रेट ने न्याय प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया। विशेष रूप से सीएमओ ने घोषणा की कि अधिवक्ताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए न्यायालय परिसर में समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य चेकअप कैंप लगाए जाएंगे।
​न्यायिक जगत की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में अपर सत्र न्यायाधीश महेशानंद झा, त्रिभुवन नाथ पासवान, अनु सक्सेना, गीता सिंह, आतिफ शमीम, सुनील कुमार सहित विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, सीजेएम मंगलदेव सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन नूहिन जैदी और आनंद कुमार,नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह जैसे अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही काजी रिफाकत हुसैन, फरहान, किशन लाल, बाबूराम शर्मा, एमएमए कादरी, विवेक अवस्थी, एमआर मलिक, ओमकार गुप्ता, इकराम अख्तर, रामौतार रस्तोगी और शरद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन अमित पाठक द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *