दियोरिया कला। जनपद के दियोहना ग्राम पंचायत के मजरा पिपराही में खाद्यान्न वितरण में धांधली की शिकायत की जांच करने पहुंचे पूर्ति निरीक्षक के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन न देने की ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पूर्ति निरीक्षक राजेंद्र सिंह गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान जब उन्होंने शिकायतकर्ता उमेश कुमार और संजीव कुमार से बयान दर्ज कराने को कहा, तो दोनों ने सहयोग करने के बजाय अधिकारी के साथ अभद्रता शुरू कर दी और बयान देने से साफ मना कर दिया।
पूर्ति निरीक्षक ने इस अमानवीय व्यवहार की सूचना तत्काल उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को दी, जिसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। पुलिस सुरक्षा में जब कोटेदार ऋषिपाल की दुकान का भौतिक सत्यापन किया गया, तो बड़े स्तर पर राशन की कालाबाजारी का खुलासा हुआ। स्टॉक मिलान के दौरान मौके पर 53.836 क्विंटल गेहूं और 56.36 क्विंटल चावल कम पाया गया, जिसे खुर्द-बुर्द कर कालाबाजारी के उद्देश्य से ठिकाने लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्ति निरीक्षक राजेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना दियोरिया कला में बड़ी कार्यवाही की गई है। थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि पुलिस ने कोटेदार ऋषिपाल और अभद्रता करने वाले दोनों ग्रामीणों (उमेश व संजीव) के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही से क्षेत्र के अन्य भ्रष्ट कोटेदारों और जांच में बाधा डालने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।