अमरिया। क्षेत्र के ग्राम सुकटिया में सरकारी नियमों के पालन की नसीहत देना ग्राम प्रधान को भारी पड़ गया। अवैध निर्माण रोकने पर दबंग पड़ोसियों ने न केवल ग्राम प्रधान के साथ अभद्रता की, बल्कि उन पर जानलेवा हमले का प्रयास भी किया। पुलिस ने पीड़ित प्रधान की तहरीर पर पिता और उनके दो पुत्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अवैध निर्माण रोकने पर भड़के आरोपी
ग्राम सुकटिया निवासी प्रधान जीवनलाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उनके पड़ोसी भीमसेन और उनके पुत्र सुधीर व मनोज अक्सर शराब के नशे में विवाद करते रहते हैं। घटना 4 फरवरी की है, जब भीमसेन पंचायत घर के पास बिना किसी अनुमति के दीवार से सटाकर अवैध निर्माण कार्य करा रहा था। जब प्रधान जीवनलाल ने मौके पर पहुंचकर नियमों का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोकने को कहा, तो आरोपी भड़क गए।
लाठी-डंडों से हमले की कोशिश
आरोप है कि टोकने पर भीमसेन और उसके दोनों बेटों ने आपा खो दिया और ग्राम प्रधान को सरेआम गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। विवाद यहीं नहीं रुका, आरोपियों ने लाठी-डंडे निकालकर प्रधान पर जानलेवा हमले की कोशिश भी की। किसी तरह वहां से बचकर निकले प्रधान ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
अमरिया थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भीमसेन, सुधीर और मनोज के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य और शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। मामले की जांच जारी है।