रुद्रपुर। टिहरी के देवल गांव में दलित युवक केतन लाल की हत्या के विरोध में शनिवार को श्रमिक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने रुद्रपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

ज्ञापन में केतन लाल हत्याकांड की निष्पक्ष न्यायिक जांच, दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से शीघ्र सजा दिलाने तथा प्रदेश में जातिगत और सांप्रदायिक हिंसा पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में जातीय उत्पीड़न और भेदभाव की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केतन लाल की हत्या सहित राज्य में हुई अन्य घटनाएं सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा, एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।

प्रदर्शन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, सीएसटीयू के महासचिव मुकुल, दिनेश भट्ट, हरीश मौर्य, ललित मटियाली, समता सैनिक दल के गोपाल सिंह गौतम सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi