पीलीभीत। जनपद में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय (DIOS) से जुड़े करोड़ों रुपये के सरकारी धन के गबन के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत शुक्रवार को इस साजिश में संलिप्त सात महिला अभियुक्तों को देश के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार की गई महिलाओं में मुख्य अभियुक्त इल्हाम उर्र रहमान शम्सी की पत्नियां, साली, सास और अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस जांच में अब तक कुल 53 संदिग्ध खातों में लगभग 5.50 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है, जिसमें से बड़ी धनराशि को फ्रीज और होल्ड कराया जा चुका है।
यह पूरा मामला 13 फरवरी 2026 को तब प्रकाश में आया था, जब जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार ने मुख्य अभियुक्त इल्हाम उर्र रहमान शम्सी के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इल्हाम, जो जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज बीसलपुर में कार्यरत था और DIOS कार्यालय में अटैच होकर वेतन बिल व टोकन जनरेशन का कार्य देख रहा था, उसने फर्जी बेनेफिशियरी आईडी तैयार कर सरकारी धन को षड्यंत्रपूर्वक अपनी पत्नियों और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर किया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने अपनी पत्नी लुबना के खाते में 2.37 करोड़, अजारा खान के खाते में 2.12 करोड़, साली फातिमा के खाते में 1.03 करोड़ और अन्य रिश्तेदारों के खातों में लाखों रुपये स्थानांतरित किए थे। इसके अतिरिक्त, गबन की राशि से बरेली के बिल्डरों को भुगतान करने और लगभग 59 लाख रुपये की एफडी (FD) कराने के तथ्य भी उजागर हुए हैं।

गिरफ्तार की गई अभियुक्तों में संभल निवासी लुबना नवी व फातिमा नवी, बिजनौर की परवीन खातून, गाजियाबाद की आशकारा परवीन, अलीगढ़ की अजारा खान और बुलंदशहर निवासी नाहिद व आफिया खान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त की एक अन्य पत्नी अर्शी खातून को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम इन महिलाओं से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि इस बड़े वित्तीय घोटाले की अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में शामिल अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)