पीलीभीत। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पीलीभीत पुलिस ने अपराधियों और गौकशों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस प्रभावी कार्रवाई के तहत अकेले अप्रैल 2026 माह में ही 36 चिन्हित अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन अपराधियों में सबसे अधिक संख्या गौकशी से जुड़े तत्वों की है। कुल 36 हिस्ट्रीशीटरों में गौकशी के 19, लूट के 08, डकैती के 05, चोरी के 02, छिनैती के 01 और धोखाधड़ी के 01 अपराधी शामिल हैं, जिनकी अब 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
थानावार विवरण के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 17 हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं, जिनमें सुनील कुमार, अरूण कुमार, अन्नी उर्फ मो. परवेज, मो. वाजिद, हनीफ, वसीम, अफरोज अहमद, जाबिर, इदरीश, मो. हनीफ, विशाल, राहुल गंगवार, प्रेमपाल, कुलदीप, रोहताश, दिलशाद उर्फ झंडू और जगन्नाथ उर्फ जग्गू के नाम शामिल हैं। माधौटांडा थाना क्षेत्र से 07 अपराधियों—जमील अहमद उर्फ गंठा, मुन्ना, शामिल उर्फ चुनिया, सोइल खान, इश्तियाक, तौफीक और अर्जुन सिंह की निगरानी शुरू की गई है।
इसी क्रम में बीसलपुर थाना क्षेत्र से कामिल, अजीत मिश्रा, सुजीत मिश्रा और कामिल उर्फ नकटा की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पूरनपुर से कामिल उर्फ मुरादी, अरमान और सोनू उर्फ रहीस अहमद को सूची में शामिल किया गया है। न्यूरिया से जैनुल आबदीन व हरीश कुमार, कोतवाली से पल्लव जायसवाल, अमरिया से शकील और घुंघचाई से प्रेमचन्द उर्फ बिल्लन के विरुद्ध यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन सभी सूचीबद्ध अपराधियों के आपराधिक आचरण पर पैनी नजर रखी जाए और इनका समय-समय पर भौतिक सत्यापन किया जाए। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर इन हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस व्यापक कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।