एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहाँ थाना जैथरा क्षेत्र के अंतर्गत रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एटा-अलीगंज मार्ग पर स्थित परौली सुहागपुर गांव के पास सवारियों से भरे एक ऑटो और बेवर डिपो की रोडवेज बस में आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच एक ऑटो सवारियों को लेकर एटा की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो जैथरा थाना क्षेत्र के परौली सुहागपुर गांव के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े और ऑटो में फंसे लहूलुहान लोगों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज के क्षेत्राधिकारी (CO) राजेश सिंह और जैथरा थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जैथरा भिजवाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुक्को (35 वर्ष) और गीतम सिंह/गुलफान सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में चंद्रपाल, नंदकिशोर, मुन्नी देवी, कान्हा और सताना शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP City) श्वेताभ पाण्डेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।