रुद्रपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंहनगर (सीएयूएसएन) के तत्वावधान में जिले में पहली बार आयोजित होने जा रही यूएसएन प्रो टी-20 क्रिकेट लीग का शुभारंभ 21 जून से एमेनिटी क्रिकेट ग्राउंड में होगा। लीग का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी और आईपीएल स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिले के क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने और अपने खेल को निखारने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में रुद्रपुर टाइगर्स, काशीपुर किंग्स, जसपुर दबंग, गदरपुर थंडर्स और खटीमा वॉरियर्स सहित पांच फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ तीन-तीन रणजी स्तर के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
लीग में मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज आकाश मदवाल, उत्तराखंड रणजी टीम के कप्तान अवनीश सुधा, संस्कार रावत, शाश्वत डंगवाल, दिशांशु नेगी, कुणाल चंदेला, प्रशांत चौहान, रविंद्र नेगी और आदित्य रावत जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अजय तिवारी ने बताया कि 21 जून को उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर टाइगर्स और काशीपुर किंग्स के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरे मैच में गदरपुर थंडर्स का मुकाबला जसपुर दबंग से होगा।
प्रतियोगिता के तहत 12 लीग मैच, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल खेला जाएगा। 26 जून को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 27 जून को ग्रैंड फाइनल के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा। विजेता टीम को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष गौरव तिवारी, महासचिव नूर आलम तथा उपसचिव आफताब आलम, अमित पुरोहित भी उपस्थित रहे।