उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में जालसाजों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने जिला कारागार के अधीक्षक को ही चूना लगा दिया। उन्नाव जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह से उनकी बेटी का नीट (NEET) के जरिए मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के नाम पर 23 लाख रुपये ठग लिए गए हैं।
झांसे में लेकर की लूट:
जेल अधीक्षक का संपर्क अभिनव शर्मा नाम के व्यक्ति से हुआ था, जिसने खुद को रसूखदार बताते हुए एडमिशन कराने का झांसा दिया। पंकज कुमार सिंह ने बताए गए बैंक खातों में 23 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलते ही आरोपी अभिनव शर्मा ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और लखनऊ के गोमतीनगर स्थित अपना कार्यालय भी बंद कर फरार हो गया।
पेशेवर गिरोह का पर्दाफाश:
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि एक संगठित पेशेवर गिरोह है। इसमें अभिनव शर्मा, संतोष और कुछ अन्य लोग शामिल हैं, जो इसी तरह लोगों को मेडिकल सीटों का लालच देकर ठगी करते हैं।
कार्रवाई शुरू:
जेल अधीक्षक की तहरीर पर सदर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।