पीलीभीत। स्थानीय इफसा स्पोर्ट्स अकादमी में खेल सुविधाओं का विस्तार करते हुए नए बॉक्स क्रिकेट और पिकल बॉल ग्राउंड का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के प्रधान वन संरक्षक एवं वन सुरक्षा बल प्रमुख सुनील चौधरी ने फीता काटकर इन नए मैदानों का शुभारंभ किया।
सुनील चौधरी का इफसा अकादमी के संस्थापक अभिजीत आनंद सिंह और हर्ष कंचन ने बुके देकर के का स्वागत किया। इस अवसर पर खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पीटीआर टाइगर’ और ‘बफर बिसाइंड’ की टीमों के बीच एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। मैच की शुरुआत से पूर्व मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुकाबले में ‘बफर बिसाइंड’ का नेतृत्व वन एवं वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डीके ने किया, जबकि ‘पीटीआर टाइगर’ की कमान फील्ड डायरेक्टर पीपी सिंह के हाथों में रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए ‘बफर बिसाइंड’ ने निर्धारित 8 ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 रनों का स्कोर खड़ा किया और विपक्षी टीम को 96 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ‘पीटीआर टाइगर’ की टीम संघर्षपूर्ण पारी के बावजूद केवल 72 रनों पर ही सिमट गई। बफर टीम के कौशलेंद्र को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

मैच के दौरान अंपायरिंग की भूमिका हर्ष कंचन और अक्षत कुरुक्षेत्र ने निभाई, जबकि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने अपनी कमेंट्री से दर्शकों को मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। कार्यक्रम में सुनैना चौधरी, रेनू सिंह, मनीष सिंह, रमेश चौहान, रुद्र प्रताप सिंह, दीक्षा भंडारी, आलोक गोयल, पूनम सिंह, अभिजीत आनंद सिंह, आंचल सिंह, आशीष आनंद सिंह और शिवानी चौहान सहित शिक्षा व चिकित्सा जगत की प्रमुख हस्तियां जैसे किरण सक्सेना, डॉ. आस्था कंचन और अदिति सक्सेना उपस्थित रहीं। इस दौरान इफसा स्पोर्ट्स अकादमी के को-फाउंडर हर्ष कंचन, रेंजर रोबिन सिंह सहेंद्र यादव, विनय श्रीवास्तव, शेर सिंह, दिग्विजय सिंह समेत वन विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
